Wednesday, November 12, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

सफल जीवन का राज: पतंग और धागे से सीख

🌻सफल जीवन की सीख: पतंग और धागे की कहानी

एक बार एक शिष्य ने अपने गुरु जी से पूछा – गुरु जी ये ‘सफल जीवन’ क्या होता है ?

गुरु जी अपने शिष्य को आश्रम के बाहर खाली मैदान में पतंग उड़ाने ले गए। वह शिष्य बड़े ध्यान से गुरु जी को पतंग उड़ाते देख रहा था।

थोड़ी देर वह शिष्य बोला –  गुरु जी, ये पतंग इस धागे की वजह से अपनी आजादी से और ऊपर की ओर नहीं जा पा रही है, क्या हम इसे तोड़ दें ? इससे ये और भी ऊपर चली जाएगी|

शिष्य की बात पर गुरु जी ने धागा तोड़ दिया।

हवा चल रही थी। धागा तोड़ते ही पतंग थोड़ा सा और ऊपर गई और उसके बाद लहरा कर नीचे आने लगी और दूर अनजान जगह पर जा कर गिर गई।

तब गुरु जी ने शिष्य को जीवन का दर्शन समझाया – शिष्य ‘जिंदगी में हम जिस ऊंचाई पर होते हैं, हमें अक्सर यह लगता है कि कुछ चीजें, जिनसे हम बंधे हैं वे हमें और ऊपर जाने से रोक रही है, जैसे -घर-परिवार, माता-पिता, गुरू,समाज और अनुशासन, और हम उनसे आजाद होना चाहते हैं।

पर वास्तव में यही वो धागे हैं – जो हमें उस ऊंचाई पर बना के रखते हैं।  ‘इन धागों को तोड़कर शायद हम एक बार तो ऊपर जायेंगे परन्तु बाद में हमारा वही हश्र होगा, जो बिना धागे की इस पतंग का हुआ’।

“इसलिए जीवन में यदि तुम सदा ऊंचाइयों पर बने रहना चाहते हो तो, कभी भी इन धागों को तोड़ने की कोशिश मत करना”। हे शिष्य, धागे और पतंग जैसे जुड़ाव के सफल संतुलन से मिली हुई ऊंचाई को ही ‘सफल जीवन’ कहते हैं।

🌿शिक्षा (Moral of the Story):

सफल जीवन केवल ऊँचाई पर पहुँचने का नाम नहीं है, बल्कि संतुलन और समझदारी से जीवन जीने का तरीका है। जीवन में कई बंधन – जैसे परिवार, माता-पिता, गुरु, समाज और अनुशासन – हमें कभी-कभी प्रतिबंधित लग सकते हैं, लेकिन वास्तव में ये बंधन हमारी सुरक्षा और मार्गदर्शन करते हैं।

अगर हम इन बंधनों को तोड़ने की कोशिश करेंगे, तो शायद थोड़ी देर के लिए स्वतंत्र महसूस करेंगे, लेकिन इसका परिणाम अक्सर नुकसान और अस्थिरता के रूप में सामने आता है। ठीक उसी तरह जैसे पतंग का धागा टूटते ही वह ऊपर तो गई, लेकिन अंत में अनियंत्रित होकर गिर गई।

इस कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि जीवन में स्थायी सफलता और खुशहाली पाने के लिए अपने बंधनों और जिम्मेदारियों को अपनाना जरूरी है। बंधनों का अर्थ केवल नियंत्रण नहीं है, बल्कि यह हमें ऊँचाइयों तक सुरक्षित और संतुलित तरीके से पहुँचने का रास्ता दिखाता है।

सफल जीवन का असली अर्थ है – उन्नति और आज़ादी का संतुलन बनाए रखना। आप जितनी मेहनत और कोशिश करते हैं, अगर इसे समझदारी और अनुशासन के साथ किया जाए, तो सफलता स्थायी और सार्थक बनती है। इसलिए जीवन में अपने रिश्तों, समाज और नियमों का सम्मान करें, अनुशासन का पालन करें, और हमेशा संतुलन बनाए रखें

Popular Articles

error: Content is protected !!